रायपुर में होटल-लॉज पर पुलिस की सघन जांच, 89 ठहराव स्थलों की चेकिंग, 17 संदिग्धों का सत्यापन

रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने मध्य जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में होटल, लॉज, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में विशेष सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 89 ठहराव स्थलों में 81 होटल, 7 लॉज और 1 धर्मशाला का निरीक्षण किया गया।

पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर चलाए गए अभियान में आगंतुकों का भौतिक सत्यापन, पहचान पत्र, होटल रजिस्टर, ऑनलाइन बुकिंग रिकॉर्ड और सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। होटल संचालकों को बिना वैध पहचान पत्र के कमरा नहीं देने और सभी रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।

जांच के दौरान 17 संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया गया, जबकि 9 होटल संचालकों के यहां सीसीटीवी और रजिस्टर संधारण में खामियां मिलने पर सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही 68 होटल संचालकों को “समाधान” ऐप की जानकारी देकर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।

कमिश्नरेट पुलिस ने कहा कि अपराधों की रोकथाम, फरार अपराधियों की पहचान और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे सघन चेकिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

You May Also Like

More From Author