रायपुर। राजधानी में देर रात होटल, बार, पब और ढाबों से निकलने वालों की हुड़दंगबाजी तथा शराब पीकर वाहन चलाने की बढ़ती शिकायतों के बीच पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। एसीपी सिविल लाइन और तेलीबांधा थाना प्रभारी ने होटल, बार, पब और ढाबा संचालकों की बैठक लेकर नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने निर्धारित समय पर प्रतिष्ठान बंद करने, 18 वर्ष से कम उम्र के लोगों को प्रवेश नहीं देने और लाइसेंस की सभी शर्तों का पालन करने की हिदायत दी। नियमों के उल्लंघन पर लाइसेंस निरस्त करने सहित वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
इसके अलावा प्रतिष्ठानों के बाहर सड़क पर वाहन खड़े नहीं करने, ग्राहकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग में रखने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन नहीं होने देने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ नियमित जांच, चालानी कार्रवाई और आवश्यक होने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।


