रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर: बस्तर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

रायपुर। भारतमाला परियोजना के तहत बन रहा रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर (NH-130 CD) बस्तर के विकास के लिए गेमचेंजर साबित होगा। 6-लेन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर बनने से जगदलपुर से विशाखापट्टनम की दूरी घटकर 7-9 घंटे से 3.5-4 घंटे रह जाएगी, जिससे परिवहन आसान और सस्ता होगा।

यह कॉरिडोर रायपुर, धमतरी, कांकेर और कोंडागांव से होकर गुजरेगा और नबरंगपुर इंटरचेंज के जरिए बस्तर को सीधे विशाखापट्टनम पोर्ट से जोड़ेगा। इससे बस्तर की कॉफी, इमली, महुआ और ढोकरा शिल्प जैसे उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच मिलेगी।

परियोजना से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर बनेंगे और खनिज निर्यात में तेजी आएगी। साथ ही पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

करीब 16,491 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा 464 किमी लंबा यह कॉरिडोर बस्तर को मुख्यधारा की अर्थव्यवस्था से जोड़ते हुए छत्तीसगढ़ के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

You May Also Like

More From Author