कोंडागांव। राज्यसभा सांसद फुलोदेवी नेताम का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल हो रहे इस वीडियो में सांसद अपने गृह ग्राम में आयोजित एक पारिवारिक विवाह समारोह के दौरान पारंपरिक लोकगीतों की धुन पर नृत्य करती नजर आ रही हैं।
राजनीतिक जिम्मेदारियों और व्यस्त कार्यक्रमों के बीच सांसद का यह सहज और आत्मीय अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है। विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचीं फुलोदेवी नेताम ने स्थानीय महिलाओं और ग्रामीणों के साथ उत्साहपूर्वक लोकगीतों पर कदम थिरकाए और पारंपरिक संस्कृति से अपने जुड़ाव का परिचय दिया।
ग्रामीण परिवेश में सांसद का यह सरल और सांस्कृतिक रूप समारोह में मौजूद लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। वहीं कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग खूब पसंद और साझा कर रहे हैं।



