CG Weather Update: 29 अगस्त से बढ़ेगी बारिश की रफ्तार, कई जिलों में अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सावन के बाद भी बारिश का दौर जारी रहेगा। बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम के प्रभाव से 29 अगस्त से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है।

राजधानी रायपुर में 29 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बारिश व गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 30 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

पिछले 24 घंटों में कुसमी में सबसे ज्यादा 7 सेमी बारिश दर्ज की गई। रामानुजगंज और भैसमा में 6-6 सेमी, जबकि कुनकुरी, वाड्रफनगर, कोरबा और करतला में 5-5 सेमी बारिश हुई।

मौसम विभाग ने कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर समेत कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। अगले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी है।

You May Also Like

More From Author