रायपुर: महिला आरक्षण बिल को लेकर देशभर में सियासत तेज हो गई है। इस बीच कांग्रेस की राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है, बल्कि आपत्ति परिसीमन से जुड़ी प्रक्रिया को लेकर है, जिस पर केंद्र सरकार की नीयत साफ नहीं है।
रायपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में रंजीत रंजन ने कहा कि 2023 में पारित महिला आरक्षण को 543 लोकसभा सीटों पर तुरंत लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना जनगणना के परिसीमन कैसे संभव है और पहले जनगणना कराना जरूरी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महिला विरोधी रवैया अपना रही है। वहीं, भाजपा द्वारा कांग्रेस पर बिल गिराने के आरोप में निकाली गई जनाक्रोश रैली को उन्होंने “छलावा” करार दिया।

