सेवा सेतु शिविर में पूर्व विधायक ने उठाए सवाल, बोले- अफसर ही नदारद तो जनता की सेवा कैसे होगी

गरियाबंद। देवभोग विकासखंड के ग्राम खोकसरा में सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। इसमें खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व भाजपा विधायक गोवर्धन मांझी ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बेलाट नाला पर पुलिया, झाखरपारा में जिला सहकारी बैंक और इंद्रावती नदी से सिंचाई सुविधा जैसी मांगें अब तक पूरी नहीं हो पाई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ब्लॉक में कई जिम्मेदार विभागों के अधिकारी नियमित रूप से मौजूद नहीं रहते, ऐसे में सेवा सेतु की अवधारणा पूरी तरह सफल कैसे होगी।

मंत्री दयालदास बघेल ने शिविर में मिले प्रत्येक आवेदन पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी आवेदन का निराकरण नहीं हो रहा है तो आवेदक को इसकी वजह और समाधान की समयसीमा बताई जाए। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

You May Also Like

More From Author