रायपुर। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस की ओर से UCC के विरोध में आंदोलन की चेतावनी के बाद भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने पलटवार किया है।
संतोष पांडेय ने कांग्रेस पर मुद्दे को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसी भी कानून को लेकर विरोध करने से पहले उसके प्रावधानों और प्रभावों को समझना जरूरी है। UCC को लेकर कांग्रेस की आपत्तियों पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष को जनता के बीच गलतफहमियां पैदा करने के बजाय तथ्यात्मक चर्चा करनी चाहिए।
UCC को लेकर छत्तीसगढ़ में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। कांग्रेस पहले ही इसके प्रावधानों को लेकर अपनी आपत्ति जता चुकी है और आदिवासी समाज के हितों को लेकर सवाल उठा रही है। वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि UCC को लेकर सरकार सभी पक्षों और राज्य की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ रही है।
संतोष पांडेय ने कांग्रेस के प्रस्तावित विरोध को लेकर कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी मुद्दे पर राजनीति करने से पहले उसके वास्तविक स्वरूप को समझना जरूरी है।



