रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री आज रायपुर में नेक्स्ट जेन सीजी डायल 112 इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम (ERSS 2.0) का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान प्रदेश को 400 अत्याधुनिक डायल 112 वाहन और चलित फोरेंसिक साइंस लैब की सौगात भी मिलेगी।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्रदेश में आपातकालीन सेवाएं अधिक आधुनिक, त्वरित और तकनीक आधारित हो जाएंगी। इससे नागरिकों को संकट की स्थिति में तेजी से सहायता मिल सकेगी। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने गृह मंत्री विजय शर्मा ने स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
नेक्स्ट जेन डायल 112 के जरिए पुलिस, फायर सर्विस, मेडिकल इमरजेंसी, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, आपदा प्रबंधन और हाईवे इमरजेंसी जैसी सेवाओं को एकीकृत मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा।
इस हाईटेक सिस्टम में केंद्रीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, जीपीएस आधारित इमरजेंसी वाहन, जीआईएस आधारित रियल टाइम मॉनिटरिंग और ऑटोमेटिक कॉल लोकेशन पहचान जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी। इससे अपराध नियंत्रण, सड़क दुर्घटना सहायता और महिला-बाल सुरक्षा सेवाएं और अधिक प्रभावी बनेंगी।
प्रदेश में वर्ष 2018 से संचालित डायल 112 सेवा अब तक लाखों लोगों को मदद पहुंचा चुकी है। फिलहाल 16 जिलों में संचालित यह सेवा अब राज्य के सभी 33 जिलों तक विस्तारित की जाएगी।


