धमतरी। जिले में कई विधवा महिलाओं को पिछले कई महीनों से पेंशन राशि नहीं मिलने के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर बुधवार को बड़ी संख्या में वृद्ध महिलाएं पूर्व विधायक लेखराम साहू के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचीं और प्रशासन से जल्द भुगतान की मांग की।
महिलाओं ने बताया कि पेंशन नहीं मिलने से दवाइयों, राशन और दैनिक जरूरतों के खर्च पूरे करना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि कई महीनों से खाते में पेंशन राशि जमा नहीं हुई है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है।
पूर्व विधायक लेखराम साहू ने आरोप लगाया कि जिले की कई वृद्ध और विधवा महिलाओं को पिछले छह महीने से पेंशन का लाभ नहीं मिला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन करेगी।
वहीं कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने बताया कि ई-केवाईसी प्रक्रिया के दौरान बायोमेट्रिक और आधार से जुड़ी कुछ तकनीकी समस्याएं सामने आई हैं। इनके समाधान के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का निराकरण कर जल्द ही पेंशन राशि जारी की जाएगी।

