लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रस्तुति देने पहुंचे आठ राज्यों के कलाकारों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने सरकारी आवास पर मुलाकात की। इस दौरान कलाकारों ने अपनी संस्कृति और अनुभव साझा किए।
छत्तीसगढ़ के कलाकार कुलभूषण चंद्राकर ने योगी आदित्यनाथ को ‘बुलडोजर बाबा’ कहकर संबोधित किया। इस पर मुख्यमंत्री मुस्कुराए और कहा, “आप गा सकते हैं, मैं गा नहीं सकता, लेकिन गलत लोगों पर बुलडोजर तो चलवा ही सकता हूं।” उनके जवाब पर माहौल खुशनुमा हो गया।
कुलभूषण ने अयोध्या जाने की इच्छा जताई। वहीं जम्मू-कश्मीर की कलाकार श्रुति ने भी राम मंदिर दर्शन की इच्छा व्यक्त की, जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उनके अयोध्या भ्रमण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
योगी ने कलाकारों से कहा कि वे दूसरे राज्यों में जाकर वहां की संस्कृति, खान-पान और ऐतिहासिक स्थलों को जानें। उन्होंने कहा कि कलाकार लोक संस्कृति और परंपराओं के वाहक हैं तथा देश की विविधता को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

