रायपुर। पुराने विधानसभा सभागार में आयोजित यंग इंडियन पार्लियामेंट 2026 कार्यक्रम में 11 स्कूलों के करीब 150 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर मॉक पार्लियामेंट के माध्यम से लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अनुभव प्राप्त किया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
विद्यार्थियों ने सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका निभाते हुए विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा, बहस और विधेयक पारित करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। इस दौरान डॉ. रमन सिंह ने विधानसभा की कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करते हैं। वहीं आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, संसदीय व्यवस्था और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से व्यवहारिक रूप से परिचित कराना है।


