रायपुर। राजधानी रायपुर जिले में मतदान केंद्रों को अधिक सुव्यवस्थित और मतदाताओं के लिए सुविधाजनक बनाने की कवायद शुरू हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष संक्षिप्त निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम (SSR-2027) के तहत मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया जारी है।
इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के मतदान केंद्रों में प्रस्तावित बदलावों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से प्राप्त प्रस्तावों की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई। इस दौरान उनके सुझाव और विचार भी लिए गए। चर्चा के बाद बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों ने प्रस्तुत प्रस्तावों पर सहमति जताई।
निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 तक पूरी की जानी है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों की व्यवस्था को बेहतर बनाना और मतदान प्रक्रिया को अधिक सुगम करना है।
बैठक में रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


