सूरजपुर मुख्यमार्ग में स्थित आस्था ज्वेलर्स नामक ज्वेलरी शॉप में आज दोपहर एक हैरान कर देने वाली घटना घटी। एक बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में घुसा और दुकानदार का ध्यान भटकाकर करीब 70 हजार रुपये के जेवरात उड़ाकर फरार हो गया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे बदमाश दुकान में आया और दुकानदार से जेवर दिखाने को कहा। इस दौरान जब दुकानदार का ध्यान उससे हटा तो उसने झटपट से काउंटर में हाथ डालकर सोने का झुमका और लॉकेट उठा लिया। जब तक दुकानदार कुछ समझ पाते बदमाश तेजी से गेट की तरफ लपका और जेवरात लेकर फरार हो गया।
दुकानदार ने बताया कि बदमाश कुछ दूर जाकर एक बाइक सवार के साथ फरार हो गया। उन्होंने इस घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज करा दी है।
पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की तलाश कर रही है।