Abhanpur News: कुर्रा रेलवे अंडरब्रिज में घुटनों तक पानी, ग्रामीणों और छात्रों का धरना

अभनपुर। कुर्रा रेलवे अंडरब्रिज में बारिश के बाद जलभराव और कीचड़ की समस्या से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घुटनों तक भरे गंदे पानी से स्कूली बच्चों, महिलाओं, किसानों और राहगीरों को गुजरना पड़ रहा है। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा ग्रामीण अध्यक्ष गिरधारी साहू के नेतृत्व में ग्रामीणों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्कूली छात्र-छात्राओं ने अंडरब्रिज में धरना दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, बारिश होते ही अंडरब्रिज जलमग्न हो जाता है, जिससे कुर्रा, सोनेसिली और आलेखुटा सहित आसपास के गांवों का आवागमन प्रभावित होता है। छात्राओं ने बताया कि पानी के कारण स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है और कई बार किताबें व कपड़े भीग जाते हैं।

प्रदर्शनकारियों ने तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था करने और स्थायी समाधान की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

You May Also Like

More From Author