भिलाई में BSP आवासों के नोटिस का विरोध, युवा कांग्रेस का प्रदर्शन; बैरिकेड तोड़ने पर पुलिस से धक्का-मुक्की

दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) टाउनशिप में हाउस लीज, लाइसेंस और रिटेंशन आवासों को लेकर जारी नोटिस के विरोध में शनिवार को युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। मुर्गा चौक पर बड़ी संख्या में रिटेंशनधारी, लाइसेंसधारी और कार्यकर्ता जुटे और बीएसपी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और CISF ने सुरक्षा के लिए बैरिकेड लगाए थे। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने एक बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा बलों से धक्का-मुक्की हुई।

भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव भी प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि 10 हजार से अधिक आवासों को खाली करने के नोटिस दिए गए हैं और आवास खाली कराने की योजना का विरोध किया। उन्होंने कहा कि टाउनशिप का कोई घर खाली नहीं होने दिया जाएगा और आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शनकारियों ने हाउस लीज, लाइसेंस और रिटेंशन आवासों से जुड़े फैसलों को वापस लेने की मांग की।

You May Also Like

More From Author