रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री और एआईसीसी महासचिव Bhupesh Baghel ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सुशासन तिहार दौरे के दौरान लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। कवर्धा दौरे के दिन महिला हत्या और नांदगांव दौरे के दौरान पद्मश्री फूलबासन के अपहरण की घटना को लेकर उन्होंने सरकार को घेरा। साथ ही रायपुर में हुई दो हत्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है।
सुप्रीम कोर्ट के पूर्णकालिक डीजीपी नियुक्ति संबंधी निर्देशों पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार अब तक स्थायी डीजीपी नियुक्त नहीं कर पाई है, जिससे प्रशासनिक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार निर्णय लेने में असफल साबित हो रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के ‘संवाद’ प्लेटफॉर्म को लेकर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि सरकारी मंच का इस्तेमाल राजनीतिक प्रचार के लिए किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने बाहरी लोगों को प्राथमिकता देने का आरोप भी लगाया।
गृह मंत्री विजय शर्मा के बांग्लादेशी घुसपैठियों वाले बयान पर पलटवार करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि अगर प्रदेश में घुसपैठिए मौजूद हैं तो सरकार अब तक उनकी पहचान क्यों नहीं कर पाई। उन्होंने केंद्र सरकार और राज्य सरकार दोनों पर निशाना साधते हुए इसे प्रशासनिक विफलता बताया।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भी उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि वहां चुनाव निष्पक्ष नहीं हुए और भाजपा की जीत पर सवाल खड़े किए।



