बीजापुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, नक्सली डंप से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बासागुड़ा थाना पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने पेगड़ापल्ली के जंगल में कार्रवाई करते हुए नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध नक्सली सदस्य को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान चिन्नागेलूर निवासी 39 वर्षीय बोगम लखमू के रूप में हुई है। पूछताछ में उसके प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन से जुड़े होने और विस्फोटक सामग्री को छिपाने में भूमिका निभाने की जानकारी सामने आई है।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से नकदी के अलावा BGL लॉन्चर, BGL सेल, तीर बम, हैंड ग्रेनेड, .303 के जिंदा कारतूस, BGL कार्ट्रिज, वायर और अन्य सामग्री बरामद की गई।

पुलिस ने जब्त सामग्री को सुरक्षित तरीके से सील कर पंचनामा तैयार किया है। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया है।

You May Also Like

More From Author