मानसून सत्र से पहले भाजपा विधायक दल की बैठक, विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने का दावा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। बैठक में सभी मंत्री और भाजपा विधायक शामिल हुए तथा सत्र की रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कांग्रेस के संभावित अविश्वास प्रस्ताव पर कहा कि सरकार उसका मजबूती से जवाब देगी। वहीं वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि बैठक में राजनीतिक, संगठनात्मक और मानसून सत्र से जुड़े मुद्दों पर मंथन हुआ।

13 जुलाई से शुरू होने वाले मानसून सत्र में कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, खाद-बीज, बिजली-पानी, नकटी भूमि विवाद और विकास कार्यों जैसे मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।

You May Also Like

More From Author