छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश का असर, कई जिलों में यलो अलर्ट जारी

रायपुर। राजधानी रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई जिलों में शनिवार को आषाढ़ जैसे हालात देखने को मिले। तेज बारिश, अंधड़ और गरज-चमक के कारण कई जगहों पर पेड़ गिर गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। कई इलाकों में रविवार सुबह तक पेड़ नहीं हटाए जा सके थे।

मौसम विभाग के अनुसार बस्तर संभाग को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सोमवार से मौसम साफ होने लगेगा। आसमान साफ रहने और तापमान बढ़ने के कारण मई के आखिरी सप्ताह तक कुछ इलाकों में लू चलने की स्थिति बन सकती है।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी, पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न चक्रवाती परिसंचरण प्रणालियों के कारण प्रदेश में नमी बढ़ी है। इसी वजह से पिछले कुछ दिनों से कई क्षेत्रों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी है।

मौसम विभाग ने रविवार को भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, तेज हवाएं, अंधड़ और वज्रपात की संभावना जताई है। वहीं 20 मई के बाद तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी फिर तेज हो सकती है।

नारायणपुर, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा और अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

रायपुर में रविवार को बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

You May Also Like

More From Author