छत्तीसगढ़ में आज भी भारी बारिश के आसार, कई जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और ओडिशा के पास बने अवदाब के प्रभाव से आज (7 जुलाई) मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। हालांकि 8 जुलाई के बाद वर्षा की तीव्रता में कमी आ सकती है।

बीते 24 घंटों में बलौदाबाजार में सर्वाधिक 20 सेंटीमीटर, राजिम में 18 सेंटीमीटर और लवन में 17 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। रायपुर में लगातार दूसरे दिन बारिश का दौर जारी रहा और 8 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। कई अन्य जिलों में भी 8 से 16 सेंटीमीटर तक बारिश हुई।

मौसम विभाग ने रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में आज गरज-चमक, तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।

You May Also Like

More From Author