रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री से पहले गर्मी और उमस का असर जारी है। मंगलवार को रायपुर के कुछ क्षेत्रों में अंधड़ और हल्की बारिश हुई, लेकिन इसके बाद बढ़ी उमस से लोग परेशान रहे। वहीं बिलासपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है। बस्तर क्षेत्र में सबसे अधिक 5 सेमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि जशपुरनगर, रामानुजनगर और दरभा सहित कई इलाकों में भी बारिश हुई।
मौसम विभाग ने बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली, कबीरधाम, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया समेत कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है।

