रायपुर। छत्तीसगढ़ के 500 करोड़ रुपये से अधिक के कथित कोयला घोटाला मामले में EOW ने 12 आरोपियों के खिलाफ करीब 9,500 पन्नों का पूरक चालान पेश किया है। जांच में कोयला परिवहन से 25 रुपये प्रति टन और आयरन पैलेट परिवहन से 100 रुपये प्रति टन की कथित अवैध वसूली से जुड़े तथ्य शामिल किए गए हैं।
जांच एजेंसी के अनुसार, जब्त डायरियों, व्हाट्सऐप चैट, बैंक लेन-देन और संपत्ति दस्तावेजों से रकम के वितरण, राजनीतिक गतिविधियों में इस्तेमाल और जमीन व वाशरी में निवेश से जुड़े विवरण सामने आए हैं। चालान में ‘भवन’ और ‘C PARTY’ नाम से दर्ज प्रविष्टियों के साथ खैरागढ़ उपचुनाव से जुड़े लेन-देन का भी उल्लेख किया गया है।
पूरक चालान में विधायक, पूर्व विधायक, नेताओं और अधिकारियों समेत 12 लोगों की भूमिका का विवरण दिया गया है। इसमें राम गोपाल अग्रवाल, देवेंद्र यादव, विनोद तिवारी, रामप्रताप सिंह, चंद्रदेव राय और जयप्रकाश मौर्य समेत अन्य नाम शामिल हैं।
जांच में कोयला परिवहन की अनुमति प्रक्रिया में बदलाव, कथित अवैध वसूली की व्यवस्था और रकम को अलग-अलग माध्यमों से आगे पहुंचाने से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों व सरकारी पत्राचार का भी उल्लेख किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।



