रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विकास के लिए कई योजनाओं को मिशन मोड में संचालित करेगी। इस संबंध में मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री एआई मिशन, खेल उत्कर्ष मिशन, पर्यटन मिशन, अधोसंरचना मिशन और स्टार्टअप मिशन की रूपरेखा पर चर्चा हुई। एआई मिशन के तहत युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण और स्टार्टअप्स को बढ़ावा दिया जाएगा। खेल मिशन में ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने पर जोर रहेगा। पर्यटन मिशन के जरिए पर्यटन स्थलों को विकसित कर रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे।
वहीं अधोसंरचना मिशन के तहत सड़क, पुल और कनेक्टिविटी मजबूत की जाएगी, जबकि स्टार्टअप मिशन से युवाओं को उद्यमिता और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

