छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 42 IAS अफसरों के तबादले

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने बहुप्रतीक्षित आईएएस तबादला सूची जारी करते हुए 42 अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया है। इस फेरबदल में एसीएस स्तर से लेकर कलेक्टर तक शामिल हैं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए अपनी नई प्रशासनिक टीम तैयार की है।

सूची में 7 जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। बलरामपुर कलेक्टर को मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद हटाया गया बताया जा रहा है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की जिम्मेदारी एसीएस ऋचा शर्मा को सौंपी गई है, जबकि मनोज पिंगुआ को वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग दिया गया है।

सुबोध कुमार सिंह को ऊर्जा विभाग और बिजली कंपनी का अध्यक्ष बनाया गया है। निहारिका बारीक को पहली बार गृह एवं जेल विभाग की जिम्मेदारी मिली है। वहीं डॉ. रोहित यादव को वित्त विभाग और मुकेश बंसल को पीडब्ल्यूडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सरकार ने नगरीय निकाय, ग्रामीण विकास और पीडब्ल्यूडी जैसे विभागों पर खास फोकस करते हुए तेजतर्रार अधिकारियों की तैनाती की है। सरकार ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रदर्शन के आधार पर आगे भी बदलाव जारी रहेंगे।

You May Also Like

More From Author