मुंगेली। खाद संकट, बिजली कटौती, कृषि ऋण, धान भुगतान और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को मुंगेली में धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान बैलगाड़ियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और राज्यपाल के नाम 15 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।
कांग्रेस ने किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, तीन किश्तों में खाद वितरण व्यवस्था समाप्त करने, डीजल-पेट्रोल आपूर्ति में सुधार, कृषि बिजली दरों में राहत और अघोषित बिजली कटौती बंद करने की मांग की। साथ ही खाद की कालाबाजारी रोकने, कृषि ऋण सीमा बढ़ाकर 55 हजार रुपये प्रति एकड़ करने और धान का भुगतान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने की मांग उठाई।
ज्ञापन में विभागीय योजनाओं में पारदर्शिता, लंबित अनुदान जारी करने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने, कोदो-कुटकी पर समर्थन मूल्य बहाल करने तथा प्रस्तावित एथेनॉल प्लांट पर रोक लगाने जैसी मांगें भी शामिल रहीं।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।

