रायपुर। झीरम घाटी हत्याकांड मामले को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने बैठक कर आगे की रणनीति पर तीन बड़े फैसले लिए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि पार्टी इस मामले को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व से मुलाकात करेगी, पीड़ित परिवारों के साथ दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी और NIA कोर्ट के फैसले के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेगी।
दीपक बैज के मुताबिक, NIA कोर्ट के फैसले से पीड़ित और शहीद परिवार संतुष्ट नहीं हैं। कांग्रेस ने अदालत के फैसले के बाद संबंधित परिवारों से चर्चा की और मामले को लेकर आगे की कार्रवाई पर मंथन किया।
बैज ने कहा कि झीरम जैसे गंभीर मामले में केवल निचले स्तर पर काम करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई तक मामला सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस इस मुद्दे को आगे भी उठाएगी।
कांग्रेस अब पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व से समय लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात करेगी। इसके अलावा दिल्ली में पीड़ित और शहीद परिवारों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की तैयारी है। पार्टी वरिष्ठ वकीलों से कानूनी राय लेने के बाद आगे की रणनीति तय करेगी।
कांग्रेस ने कहा है कि झीरम घाटी के पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए उपलब्ध कानूनी रास्तों पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

