रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर दिखाई देने लगा है। मौसम में बदलाव के साथ प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की संभावना बढ़ गई है। मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर को दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
इन जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर के लिए बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और कोंडागांव में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कांकेर, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, राजनांदगांव सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।
29 अक्टूबर को उत्तर छत्तीसगढ़ में चेतावनी
29 अक्टूबर को कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और बलरामपुर में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा और जांजगीर-चांपा में ऑरेंज अलर्ट है।
ट्रेनें प्रभावित, स्कूलों में छुट्टी का अधिकार कलेक्टरों को
चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए रेलवे ने भी एहतियाती कदम उठाए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 56 ट्रेन सेवाएं रद्द या पुनर्निर्धारित की गई हैं, जबकि 15 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है।
सुकमा जिले में सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों में एक दिन की छुट्टी घोषित की गई है। स्कूलों में अवकाश का निर्णय लेने का अधिकार जिला कलेक्टरों को दिया गया है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

