छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 77 ट्रेनें रद्द, 8 से 19 जून तक यात्री होंगे प्रभावित

बिलासपुर। भारतीय रेलवे ने छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 77 ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में रद्द करने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें 8 जून से 19 जून 2026 के बीच प्रभावित रहेंगी। समर वेकेशन के दौरान लिए गए इस फैसले से यात्रियों की परेशानियां बढ़ सकती हैं।

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार रद्द की गई ट्रेनों में 65 एक्सप्रेस और 12 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा 8 ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा, 6 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा, जबकि 5 ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से चलेंगी।

बताया गया है कि चांपा रेलवे स्टेशन में चौथी रेल लाइन जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इसी इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य के चलते बिलासपुर रेल मंडल ने यह फैसला लिया है।

ट्रेनों के रद्द होने और रूट परिवर्तन का असर सिर्फ छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश समेत 7 राज्यों के यात्रियों को भी इसका सामना करना पड़ेगा। गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण टिकट और यात्रा व्यवस्था को लेकर दिक्कतें बढ़ सकती हैं।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था कर लें।

You May Also Like

More From Author