बलौदाबाजार। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण को लेकर सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अतिक्रमण से बचने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
मंत्री वर्मा ने कहा कि खेल मैदान, निस्तारी भूमि और अन्य सार्वजनिक उपयोग की जमीनों का संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने का अधिकार नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों के पास है तथा इस अभियान में प्रशासन और आम जनता को मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण से यातायात, सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक सुविधाएं प्रभावित होती हैं। इसलिए शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

