रायपुर : मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। अगले 3 घंटों के लिए दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट और गरियाबंद, धमतरी, बस्तर, कोंडागांव और नारायणपुर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश हुई। राजिम में 150 मिमी, अंबिकापुर में 92 मिमी, पेंड्रा रोड में 70 मिमी, गोबरा नवापारा में 90 मिमी और मैनपुर-अभनपुर में 70 मिमी बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में भी झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज भी रायपुर में गरज के साथ बारिश हो सकती है। विभाग के अनुसार, 17 जुलाई के बाद दक्षिण छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियों में वृद्धि होगी।
राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार, 1 जून 2024 से अब तक राज्य में औसतन 248.5 मिमी बारिश हो चुकी है। 1 जून 2024 से 15 जुलाई तक राज्य के विभिन्न जिलों में हुई बारिश के अनुसार, बीजापुर जिले में सबसे अधिक 410.7 मिमी और सरगुजा जिले में सबसे कम 135.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।



