रायपुर : छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में शनिवार को बारिश हुई। बीते दिनों हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई है।
मौसम विभाग ने आगे के लिए भी बारिश की संभावना जताई है। उन्होंने बताया है कि रविवार को प्रदेश के सभी जिलों में गरज चमक के साथ बारिश की संभावनाएं हैं।
विभाग ने 6 जिलों के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बिलासपुर, कोरबा, गौरेला पेंड्रा मरवाही, कोरिया, बलरामपुर और सूरजपुर शामिल हैं। इन जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान भीषण बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने बारिश को लेकर जारी चेतावनी के साथ यह भी कहा है कि एक निम्म्र दबाव का क्षेत्र उत्तर ओडिशा गंगीय पश्चिम बंगाल तटों से सटे उत्तर पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है। जो चक्रवाती परिसंचरण के साथ औसत समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है।
इस बारिश से किसानों को राहत मिली है। लेकिन कुछ इलाकों में बाढ़ की स्थिति भी बनी हुई है। प्रशासन इन इलाकों में राहत और बचाव कार्य में लगा हुआ है।