रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य के 7 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि 5 जिलों में ऑरेंज और 9 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार शाम से ही प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है, जिससे राजधानी रायपुर समेत अन्य जिलों में पानी भर गया है और लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
राजधानी रायपुर में जलभराव
राजधानी रायपुर में लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। भाठागांव बस स्टैंड के पास पानी भरने से एक सड़क को बंद करना पड़ा है, वहीं भाठागांव से काठाडीह जाने वाला मार्ग भी पुलिया में पानी भरने की वजह से अवरुद्ध हो गया है। प्रोफेसर कॉलोनी सेक्टर 2-3 के पास भी जलभराव की गंभीर स्थिति है, जहां कई घरों में घुटनों तक पानी भर गया है और घर में रखे सामान भीग गए हैं।
शहर के अन्य स्थानों जैसे सुमेरु मठ के पास और कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे लोगों की आवाजाही बाधित हो गई है। इस बीच, रायपुर नगर निगम आयुक्त अविनाश मिश्रा ने शहर का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में भारी बारिश को लेकर अगले 24 से 48 घंटे तक के लिए चेतावनी जारी की है। गरियाबंद, धमतरी, बालोद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर जिलों में बहुत भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा, महासमुंद, राजनांदगांव, बस्तर, कोंडागांव, और दंतेवाड़ा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। वहीं, येलो अलर्ट सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर, रायपुर, बलोदाबाजार, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, और सुकमा जिलों के लिए जारी किया गया है।
राजनांदगांव: मकान गिरने से महिला बाल-बाल बची
राजनांदगांव जिले में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया है। बाग नदी थाना पूरी तरह से डूब चुका है, और पुलिस द्वारा राहत कार्य जारी हैं। राजीव नगर बसंतपुर में दो मकान गिरने से एक बुजुर्ग महिला मुश्किल से बचाई गई। मोहल्ले के लोगों और वार्ड पार्षद की तत्परता से महिला की जान बच सकी।
कांकेर: पुल बहा, बाइक सवार बहे
कांकेर जिले में सिरसिदा गांव का पुल लगातार बारिश के कारण बह गया, जिसमें दो बाइक सवार भी बह गए थे। गांव वालों की मदद से दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित बचा लिया गया। एक व्यक्ति की कमर की हड्डी टूट गई, जिसे इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।



