रायपुर। दीपावली से पहले राजधानी रायपुर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही को लेकर महापौर मीनल चौबे ने सख्त रुख अपनाया है। शहर के कई इलाकों में कचरे के ढेर नजर आने पर उन्होंने नगर निगम की अनुबंधित सफाई एजेंसी रामकी कंपनी के प्रतिनिधियों को फटकार लगाई और व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि घर-घर से कचरा एकत्र करना कंपनी की जिम्मेदारी है। यदि एजेंसी अपने निर्धारित कार्यों को ठीक से पूरा नहीं करती है, तो अनुबंध की शर्तों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा कचरे को तुरंत हटवाने के निर्देश भी दिए।
काम के सत्यापन के बाद ही भुगतान
महापौर मीनल चौबे ने स्पष्ट किया कि कंपनी को भुगतान करने से पहले उसके काम का भौतिक सत्यापन किया जाए। उन्होंने ‘काम नहीं तो भुगतान नहीं’ की नीति पर जोर देते हुए कहा कि बिना काम किए किसी भी तरह का भुगतान नहीं होना चाहिए। ऐसी स्थिति सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की नियमित निगरानी करने और शहर के सभी क्षेत्रों में शत-प्रतिशत कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने को कहा। महापौर ने साफ किया कि त्योहार से पहले शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग और स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े अधिकारी तथा रामकी कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

