बीजापुर में नक्सलियों के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में हथियार और कैश बरामद

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में नक्सलियों के ठिकानों और छिपाकर रखे गए डंपों से भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री, नकदी और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान जंगलों में बने नक्सली बंकरों का भी खुलासा हुआ।

पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि पिछले एक महीने से जिले के संवेदनशील इलाकों में लगातार सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीणों से मिली सूचना और मजबूत इंटेलिजेंस नेटवर्क के आधार पर सुरक्षा बलों ने यह कार्रवाई की।

संयुक्त टीम ने कुल 65 लाख 52 हजार रुपये नकद, एलएमजी, एसएलआर, कार्बाइन और .303 रायफल समेत 32 हथियार तथा बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। इसके अलावा बीजीएल लॉन्चर, पिस्टल, मैग्जीन, एलएमजी बैरल और विस्फोटक सामग्री भी बरामद हुई है। पुलिस ने पहले बरामद किए गए करीब 140 किलो अमोनियम नाइट्रेट और यूरिया को भी सुरक्षा मानकों के तहत नष्ट किया।

एसपी यादव के मुताबिक इस कार्रवाई से नक्सलियों के हथियार सप्लाई नेटवर्क और आईईडी निर्माण क्षमता को बड़ा नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि बीजापुर को नक्सलमुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024 से अब तक सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 234 माओवादी मारे गए हैं, 1192 गिरफ्तार हुए हैं और 1003 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इस दौरान 517 हथियार, 1092 आईईडी और 20 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की गई है।

You May Also Like

More From Author