इधर रायपुर पुलिस कर रही अमित जोगी की तलाश, उधर सूरत में गुजराती थाली का लुत्फ उठाते आए नजर

रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। कथित ‘ज्ञानु और जानू’ वीडियो मामले में रायपुर पुलिस उनसे पूछताछ करना चाहती है। इसी बीच गुजरात के सूरत से उनकी एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें वे गुजराती थाली का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। तस्वीर सामने आने के बाद उनके प्रदेश से बाहर होने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

दरअसल, सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा नेताओं ने अमित जोगी के खिलाफ रायपुर के सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस ने पूछताछ के लिए अमित जोगी के निवास पर नोटिस भी चस्पा किया है।

विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने संबंधित पोस्ट डिलीट कर माफी भी मांगी थी। हालांकि, पुलिस मामले में उनका बयान दर्ज करना चाहती है।

इस बीच उनके सूरत में होने की तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके फरार होने की चर्चाएं शुरू हो गईं।

पार्टी ने जारी किया बयान, 9 नवंबर को थाने में पेश होने का दावा

अमित जोगी के फरार होने की खबरों पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि अमित जोगी के फरार होने की खबरें भ्रामक हैं। उनका 2 नवंबर से 8 नवंबर तक निजी कार्यक्रम के तहत प्रदेश से बाहर रहने का दौरा पहले से निर्धारित था।

पार्टी के मुताबिक, अमित जोगी ने संबंधित थाना प्रभारियों को ईमेल के माध्यम से अपने प्रदेश से बाहर होने की जानकारी दे दी है। साथ ही उन्होंने 9 नवंबर को थाने में उपस्थित होकर पुलिस को अपना पक्ष रखने की बात कही है।

फिलहाल रायपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब सबकी नजरें 9 नवंबर पर टिकी हैं, जब अमित जोगी के थाने में पेश होने की बात कही गई है।

You May Also Like

More From Author