GPM News: अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 6 ट्रैक्टर जब्त; ऑक्सीजन जोन में चला बुलडोजर

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में प्रशासन ने अवैध खनन, सरकारी जमीन पर कब्जे और खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ एक साथ बड़ी कार्रवाई की है। खनिज विभाग ने अवैध रेत और मुरुम परिवहन में लगे 6 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। वहीं, सरकारी जमीन पर बनाए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा दीपावली से पहले मिठाई दुकानों की जांच कर 26 खाद्य नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

अवैध खनन पर कार्रवाई, 6 ट्रैक्टर जब्त

कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने सीएम हेल्पलाइन में मिली शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की। रूमगा, सिल्पहरी, नेवसा और खन्ता क्षेत्र में अवैध रेत एवं मुरुम उत्खनन और परिवहन करते हुए कुल 6 ट्रैक्टर पकड़े गए। सभी वाहनों को पुलिस के सुपुर्द किया गया है। वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

ऑक्सीजन जोन में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

प्रशासन की दूसरी कार्रवाई गौरेला-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर जिला अस्पताल के पीछे स्थित ऑक्सीजन जोन में हुई। यहां सरकारी जमीन पर बिना अनुमति 1000 वर्गफीट से अधिक क्षेत्र में व्यावसायिक परिसर का निर्माण किया जा रहा था। राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी से निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

मिठाई दुकानों से लिए 26 सैंपल

दीपावली को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिले की मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान 26 नमूने लेकर रायपुर की प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए। वहीं, मरवाही के भुवन होटल में गंदगी मिलने पर उसका खाद्य पंजीयन निरस्त कर संचालन बंद करा दिया गया। अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी जलेबी भी नष्ट कराई गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से जुड़े मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

You May Also Like

More From Author