Mahadev Betting App Case: दुबई में पकड़ा गया रवि उप्पल, CBI और ED भारत लाने की तैयारी में जुटीं

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसियों को एक और बड़ी सफलता मिली है। ऐप के सह-संस्थापक और मुख्य आरोपी रवि उप्पल को दुबई में गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई है। यह घटनाक्रम सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के कुछ ही दिनों बाद हुआ है। अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) रवि उप्पल को भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई हैं।

जानकारी के मुताबिक, भिलाई निवासी रवि उप्पल के खिलाफ अक्टूबर 2023 में इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। इससे पहले दिसंबर 2023 में भी उसे दुबई में हिरासत में लिया गया था, लेकिन करीब 45 दिन बाद रिहा कर दिया गया था।

जांच एजेंसियों के अनुसार, रवि उप्पल और सौरभ चंद्राकर मिलकर दुबई से महादेव ऑनलाइन बुक का नेटवर्क संचालित करते थे। ED का आरोप है कि उप्पल सट्टा कारोबार से जुड़े वित्तीय लेनदेन और हवाला नेटवर्क का प्रबंधन करता था। एजेंसी के मुताबिक, इस नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये का लेनदेन किया गया।

रवि उप्पल की गिरफ्तारी की जानकारी भारतीय एजेंसियों को अनौपचारिक माध्यमों से मिली है। UAE की ओर से अभी तक भारत को आधिकारिक सूचना दिए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।

अब जांच एजेंसियों की कोशिश है कि रवि उप्पल को जल्द भारत लाकर पूछताछ की जाए, ताकि कथित सट्टा नेटवर्क, मनी ट्रेल और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।

You May Also Like

More From Author