रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन और ठेकेदारों की समस्याओं के समाधान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की। मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव और आयुक्त अवनीश कुमार शरण की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेशभर के 50 से अधिक ठेकेदार शामिल हुए।
अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि मंडल अब आवास निर्माण के साथ सड़क, पुल-पुलिया, नगर विकास और री-डेवलपमेंट जैसी अधोसंरचना परियोजनाओं का भी संचालन कर रहा है। उन्होंने निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता और समय पर कार्य पूरा करने पर जोर दिया।
आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने बताया कि बैठक का मुख्य फोकस निर्माण की गुणवत्ता, तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना और ठेकेदारों के देयकों का समयबद्ध भुगतान रहा। ठेकेदारों के सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भुगतान प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए चेकलिस्ट आधारित प्रणाली लागू करने की बात कही गई।

