रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 और 13 मई को होने वाले आईपीएल 2026 मुकाबलों की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, फायर सेफ्टी और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच मुकाबला होगा, जबकि 13 मई को RCB का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से होगा। इस सीजन में RCB ने रायपुर को अपना दूसरा होम ग्राउंड बनाया है, जिससे क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है।
मैच के लिए टिकट केवल ऑनलाइन उपलब्ध होंगे और दर्शकों को QR कोड आधारित डिजिटल M-टिकट से प्रवेश मिलेगा। स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे खुलेंगे और दोबारा एंट्री की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने स्टेडियम में सीसीटीवी निगरानी, मेडिकल सुविधा, वालेंटियर तैनाती और आपदा प्रबंधन की पूरी तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने कहा कि आयोजन के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


