छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ वज्रपात की घटनाएं दर्ज की गईं। मौसम विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कई इलाकों में तेज हवा का असर देखने को मिला।

मौसम विभाग के मुताबिक राजनांदगांव में सबसे अधिक 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। रायपुर में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री और न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में सुबह तक 26 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

कुटरू, लाभांडीह और रायपुर समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर प्रदेश और तेलंगाना क्षेत्र में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण प्रदेश में मौसम बदला है।

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। हालांकि आने वाले दिनों में मेघगर्जन की गतिविधियों में कमी और तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।

रायपुर में 7 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

You May Also Like

More From Author